गंगा में डूबी छात्रा का तीसरे दिन भी नहीं लगा सुराग

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में डूबी छात्रा का तीसरे दिन भी नहीं लगा सुराग


हाथरस, 28 मार्च (हि.स.)। जन्मदिन के मौके पर परिवार के साथ गंगा स्नान करने गई 20 वर्षीय नीट छात्रा आरती कुमारी का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। लगातार तलाश के बावजूद सफलता न मिलने पर परिजन वापस घर लौट आए।

जानकारी के अनुसार, सादाबाद क्षेत्र के गांव मढ़नई निवासी दिगंबर सिंह उर्फ जालंधर अपनी 20 वर्षीय बेटी आरती कुमारी का जन्मदिन मनाने के लिए गुरुवार को परिवार सहित बुलंदशहर के नरोरा स्थित कलकत्ती घाट पर गंगा स्नान के लिए गए थे। वर्तमान में परिवार सादाबाद-राया मार्ग स्थित ग्राम चमरपुरा के पास रहता है। स्नान के दौरान आरती अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज बहाव में डूबकर लहरों के साथ बह गईं। बेटी को डूबता देख परिजनों ने मदद के लिए पुकारा। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर उनकी तलाश शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अतिरिक्त गोताखोरों को लगाकर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 24 घंटे तक लगातार तलाश के बावजूद छात्रा का कोई पता नहीं चल सका। आखिरकार, छात्रा का कोई पता न चलने पर परिजन वापस घर लौट आए। परिवार में इस घटना से गहरा दुख है। थाना प्रभारी ने बताया कि तलाश अभी भी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story