बाराबंकी में पेट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई: डीएम

WhatsApp Channel Join Now

बाराबंकी 06 मार्च (हि.स.)। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से जिले में पेट्रोल एवं डीजल की कमी होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने स्पष्ट किया है कि यह सूचना पूरी तरह निराधार एवं भ्रामक है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारु रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन सभी पेट्रोल पंपों की स्थिति पर सतत निगरानी रख रहा है और कहीं भी ईंधन की कमी की कोई स्थिति नहीं है।

उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अनावश्यक भ्रम एवं अफवाह फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आमजन में अनावश्यक चिंता की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। प्रशासन ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न माध्यमों के जरिए लगातार निगरानी रख रहा है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति पेट्रोल-डीजल की कमी संबंधी भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया पर ऐसी सूचनाओं को साझा करने से बचें। किसी भी जानकारी के लिए प्रशासन ने जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story