प्लास्टिक मुक्त हरित विशाल भण्डारा आयोजित
लखनऊ, 20 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवकों के आदर्शों से प्रेरित होकर मां जानकी सेवा न्यास की ओर से शनिवार को 1090 चौराहे पर सुन्दरकाण्ड पाठ एवं हरित विशाल भण्डारा आयोजित किया गया। भण्डारे का शुभारम्भ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त प्रचारक कौशल ने किया। भण्डारे में प्रसाद ग्रहण करने वाले सभी भक्तों को हनुमान चालीसा और हनुमान जी के लॉकेट की माला वितरित की गयी। विभा सिंह की टीम ने सस्वर सुन्दर काण्ड का पाठ किया। इसके बाद पूड़ी सब्जी एवं बूंदी प्रसाद का वितरण किया गया। मातृ शक्ति द्वारा संचालित यह भण्डारा प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना से प्रेरित रहा।
रेशू भाटिया ने बताया कि हमारा संकल्प प्लास्टिक मुक्त एवं हरित विशाल भण्डारा करना है। प्रकृति की सेवा ही प्रभु की सेवा है। स्वच्छता प्रकृति संरक्षण एवं सेवा भाव को ध्यान में रखते हुए पत्तल दोना एवं पर्यावरण के अनुकूल सामाग्री का उपयोग किया गया। इस आयोजन की यह विशेषता रही कि इसमें प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों का उपयोग किया गया और पूरी व्यवस्था महिलाओं ने ही सम्भाली।
आयोजन में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह , राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा एवं संजय सेठ, रीता बहुगुणा जोशी , अपर महा अधिवक्ता कुलदीप पति त्रिपाठी, एमएलसी अवनीश सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, राज्य सूचना आयुक्त दिलीप अग्निहोत्री, संयोगिता , पूजा सिंह उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

