मानदेय भुगतान को लेकर एनएचएम कर्मियों का हल्लाबोल, सहार सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं

WhatsApp Channel Join Now
मानदेय भुगतान को लेकर एनएचएम कर्मियों का हल्लाबोल, सहार सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं


औरैया, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहार में गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबित मानदेय भुगतान और अन्य मांगों को लेकर कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए “दाम नहीं तो काम नहीं” के नारे लगाए। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी स्वास्थ्य सेवाओं का बहिष्कार कर दिया, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें कई महीनों से समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। आर्थिक तंगी के कारण कर्मचारियों को परिवार का भरण-पोषण करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

कार्य बहिष्कार का असर अस्पताल की सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं पर साफ दिखाई दिया। ओपीडी सेवाएं बाधित रहीं, दवा वितरण प्रभावित हुआ और इलाज के लिए पहुंचे मरीजों व तीमारदारों को घंटों परेशान होना पड़ा। कई मरीज बिना उपचार के वापस लौटते नजर आए। हालांकि, कर्मचारियों ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर मरीजों के लिए आकस्मिक सेवाएं जारी रखीं, ताकि किसी की जान पर संकट न आए।

एनएचएम कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र एवं व्यापक रूप दिया जाएगा। उधर, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने से क्षेत्रीय लोगों में चिंता और नाराजगी का माहौल है। लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story