कानपुर के विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : रमेश अवस्थी
कानपुर, 30 जून (हि.स.)। कानपुर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। यह बातें कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने मंगलवार को अपने आवास पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठकों के दौरान कहीं।
सांसद रमेश अवस्थी ने दिनभर चली मैराथन बैठकों में शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, सड़क निर्माण, पेयजल और अन्य जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
सेतु निगम के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सांसद ने जरीब चौकी फ्लाईओवर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य शुरू होने में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को जल्द दूर कर निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि लंबे समय से लंबित इस परियोजना का लाभ शहरवासियों को मिल सके।
जल निगम के महाप्रबंधक को सांसद ने जरीब चौकी क्षेत्र में सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में देरी से फ्लाईओवर निर्माण प्रभावित नहीं होना चाहिए।
नगर आयुक्त के साथ हुई बैठक में सांसद ने नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर दो बजे वह नगर आयुक्त के साथ शहर की प्रमुख सीएम ग्रिड सड़कों का स्थलीय जायजा लेंगे और जहां भी कमियां मिलेंगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई कराई जाएगी।
शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को लेकर सांसद ने डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार के साथ भी बैठक की। उन्होंने प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके।
सांसद ने कहा कि जल्द ही सभी विभागों के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रत्येक विभाग की प्रगति की समीक्षा कर जनहित से जुड़े विकास कार्यों को और गति देने की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानपुर को बेहतर आधारभूत सुविधाओं, मजबूत सड़क नेटवर्क, सुगम यातायात और व्यवस्थित नागरिक सुविधाओं वाला आधुनिक शहर बनाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

