ट्रेन ड्राइवरों को छुट्टी नहीं मिलने पर गरजी नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन, किया प्रदर्शन
मुरादाबाद, 26 नवम्बर (हि.स.)। नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (नरमू) ने ट्रेन ड्राइवरों को छुट्टी नहीं मिलने और निर्धारित विश्राम में कटौती के विरोध में गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के परिसर में प्रदर्शन किया। नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (नरमू) के नेतृत्व में रनिंग स्टाफ ने वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के कार्यालय के सामने धरना दिया।
नरमू के मंडल अध्यक्ष सुहैल खालिद और मंडल मंत्री राजेश चौबे के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में लोको पायलटों और सहायक लोको पायलटों की छुट्टियों में कटौती, रेस्ट नहीं मिलने और ड्यूटी के घंटों का मुद्दा उठाया गया। यूनियन पदाधिकारियों की अधिकारियों से वार्ता हुई। इसके बाद वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
यूनियन के अनुसार, अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आवश्यक कार्यों के लिए ली गई छुट्टी में कटौती नहीं होगी। अनुपस्थित दर्ज किए गए कर्मचारियों का एमओआर निरस्त किया जाएगा और वर्तमान में अनुपस्थित कर्मचारियों की छुट्टी लगाई जाएगी। किसी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी नहीं होगी। प्रदर्शन में दीपक यादव, स्योराज सिंह, रजत यादव, महेश गंगवार आदि पदाधिकारी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

