विद्यालयों में अनियमितताओं पर आंदोलन की चेतावनी, छात्रहित से समझौता नहीं : दिनेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
विद्यालयों में अनियमितताओं पर आंदोलन की चेतावनी, छात्रहित से समझौता नहीं : दिनेश यादव


विद्यालयों में अनियमितताओं पर आंदोलन की चेतावनी, छात्रहित से समझौता नहीं : दिनेश यादव


कानपुर, 18 मई (हि.स.)। महानगर के विभिन्न विद्यालयों से लगातार प्राप्त हो रही शिकायतें बेहद गंभीर हैं। निजी स्कूलों द्वारा लगातार फीस बढ़ाना, अतिरिक्त शुल्क वसूली करना और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भी परिवहन शुल्क लेना पूरी तरह गलत है। विद्यार्थियों और अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो विद्यार्थी परिषद व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। यह बातें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रान्त मंत्री दिनेश यादव ने सोमवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, कानपुर को पत्र सौंपने के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में स्काउट-गाइड, रेड क्रॉस और क्रीड़ा गतिविधियों के नाम पर शुल्क वसूला जा रहा है, लेकिन संबंधित गतिविधियों का संचालन तक नहीं किया जा रहा। इसके अलावा विद्यार्थियों और अभिभावकों को निश्चित दुकानों से पुस्तकें और वेशभूषा खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है, जिस पर रोक लगनी चाहिए।

परिषद ने शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर दायरे में संचालित नशे की दुकानों को हटाने की मांग भी उठाई। साथ ही मानकविहीन विद्यालयों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, छात्राओं के लिए स्वच्छ शौचालय और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

महानगर मंत्री सुधांशु त्रिपाठी ने कहा कि कुछ संस्थान शिक्षा को व्यवसाय का माध्यम बना रहे हैं। उन्होंने हाल ही में सामने आए उस प्रकरण का भी जिक्र किया, जिसमें एक छात्र के तिलक लगाने पर आपत्ति जताते हुए उसके साथ दुर्व्यवहार किए जाने की बात सामने आई थी। परिषद ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

अंत में परिषद ने आरटीई के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा समस्त प्रवेश संबंधी डाटा विद्यालयों की वेबसाइट पर सार्वजनिक करने की मांग की। परिषद के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान आशुतोष तिवारी, अभय चतुर्वेदी, अभिजीत सिंह, अनुराग शर्मा, मानस यादव, आलोक सिंह, अक्षय कुमार, आदर्श मिश्रा, मयंक चौहान, तरुण सोनकर, कृष्णा बाजपेयी, प्रखर शुक्ला, समीर सुमन, नैतिक, विशाल, रामजी, अर्जुन, सूरज, आयुष, कार्तिक, गिरीश सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story