कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, जनभागीदारी से सफल होगा अभियान : सीडीओ

WhatsApp Channel Join Now
कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, जनभागीदारी से सफल होगा अभियान : सीडीओ


कानपुर, 28 मार्च (हि.स.)। स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य है कि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराएं। शहरवासी ध्यान दें कि अपने आसपास कोई बच्चा स्कूली शिक्षा से वंचित दिखे तो उसका दाखिला निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालय में अवश्य कराएं। इस अभियान की सफलता के लिए जन भागीदारी आवश्यक है। यह बातें शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दीक्षा जैन ने कहीं।

जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन के लक्ष्य के साथ एक अप्रैल से स्कूल चलो अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर आज को सीडीओ दीक्षा जैन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें सभी संबंधित विभागों को गांव-गांव विशेष अभियान चलाकर हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रतिदिन होने वाले नामांकन की रिपोर्ट जनपद स्तर पर अनिवार्य रूप से साझा की जाए, जिससे अभियान की नियमित समीक्षा की जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम स्तर पर घर-घर संपर्क स्थापित कर ऐसे बच्चों की पहचान की जाए जो अभी तक विद्यालय से बाहर हैं। छह वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी बच्चों का कक्षा एक में प्रवेश सुनिश्चित कराए और इसके लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कक्षा पांच उत्तीर्ण बच्चों का कक्षा छह तथा कक्षा आठ उत्तीर्ण बच्चों का कक्षा नौ में नामांकन सुनिश्चित कराए। गांवों में परिवार सर्वेक्षण कर ऐसे बच्चों की सूची तैयार की जाएगी जो विद्यालय से बाहर हैं। झुग्गी-झोपड़ियों, ईंट भट्ठों और श्रमिक परिवारों के बच्चों को विशेष अभियान चलाकर विद्यालय से जोड़ा जाएगा। श्रम विभाग को दस हजार बच्चों के नामांकन का लक्ष्य दिया गया है।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रवेश के समय जन्म प्रमाण पत्र या आधार कार्ड न होने की स्थिति में किसी भी बच्चे को प्रवेश से वंचित नहीं किया जाएगा। स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत विद्यालय और विकासखंड स्तर पर रैलियां, एसएमसी बैठकें और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story