डाकघर की छोटी बचत योजनाओं में निवेश करने वालों को तोहफा, इस तिमाही में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं
मुरादाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। डाकघर की छोटी बचत योजनाओं में निवेश करने वालों के लिए इस तिमाही में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। केंद्र सरकार ने एक अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक की तीसरी तिमाही के लिए जुलाई से सितंबर में लागू ब्याज दरों को ही बरकरार रखा है। इससे निवेशकों को फिलहाल पुरानी दरों पर ही ब्याज मिलता रहेगा।
प्रधान डाकघर के मुताबिक डाकघर बचत खाते पर चार प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। पांच साल की आरडी पर 6.7 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। टाइम डिपॉजिट में एक साल पर 6.9, दो साल पर सात, तीन साल पर 7.1 और पांच साल पर 7.5 प्रतिशत ब्याज निर्धारित है।
मासिक आय योजना पर 7.4 प्रतिशत, राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी) पर 7.7 प्रतिशत, किसान विकास पत्र (केवीपी) पर 7.5 प्रतिशत और पीपीएफ पर 7.1 प्रतिशत व्याज मिलेगा। वरिष्ठ नागरिक बचत योजना और सुकन्या समृद्धि योजना पर 8.2-8.2 प्रतिशत सालाना ब्याज जारी रहेगा। वहीं महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र पर 7.5 प्रतिशत ब्याज दर रहेगी, हालांकि इसमें नए निवेश की सुविधा नहीं है। किसान विकास पत्र में निवेश की रकम 115 माह यानी करीब नौ साल मात माह में परिपक्व होगी।
प्रभारी प्रवर अधीक्षक डाकघर धर्मेश गगनेजा ने बताया कि छोटी बचत योजनाओं की तीसरी तिमाही की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी योजनाओं पर 31 दिसंबर तक पिछली तिमाही में लागू दरें ही प्रभावी रहेंगी।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

