चार नवंबर को गोरखपुर में निकलेगी भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पदयात्रा, तैयारियों को लेकर बैठक

WhatsApp Channel Join Now
चार नवंबर को गोरखपुर में निकलेगी भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पदयात्रा, तैयारियों को लेकर बैठक


















गोरखपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के लोकतंत्र बचाओ अभियान के अंतर्गत आगामी चार नवंबर को गोरखपुर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की प्रस्तावित पदयात्रा को सफल बनाने के लिए रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय रानीडीहा में महत्वपूर्ण तैयारी बैठक हुई। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई और कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पिछले कुछ समय से चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के मन में भ्रम और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। जनता के जनादेश को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं को कठघरे में खड़ा करने की प्रवृत्ति लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। ऐसे में तथ्यों के साथ जनता के बीच पहुंचकर झूठ और भ्रम का जवाब देना भाजपा का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान और उसकी संस्थाओं की मर्यादा एवं सम्मान बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। सड़क पर अराजकता और अविश्वास का वातावरण बनाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयासों का भाजपा मजबूती से जवाब देगी।

जनता के बीच पहुंचकर रखेंगे सत्य और तथ्य

पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष गरीबों के कल्याण, किसानों के सम्मान, मातृशक्ति की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य जैसे वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय भ्रम और भय का वातावरण बनाने में लगा है। भाजपा की लोकतंत्र बचाओ अभियान पदयात्रा का उद्देश्य गली-गली और गांव-गांव पहुंचकर जनता के सामने सत्य और तथ्य रखना है।

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक मंडल, बूथ और घर तक पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में आयोजित होने वाली यह पदयात्रा लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत करने का माध्यम बनेगी। जनता का विश्वास भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है और पार्टी इसे और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ऐतिहासिक और जनभागीदारी से परिपूर्ण होगा आयोजन : विनोद राय

भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि पदयात्रा को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। यह आयोजन ऐतिहासिक और जनभागीदारी से परिपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से जनता के बीच जो सवाल और भ्रम खड़े किए जा रहे हैं, उनका जवाब जनता स्वयं इस पदयात्रा के माध्यम से देगी।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ जन-जन तक अपना संदेश पहुंचाएगी। आम जनमानस में पदयात्रा को लेकर उत्साह है। पार्टी कार्यकर्ता इसे सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।

12 जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में : दिलीप पटेल

प्रदेश महामंत्री एवं पदयात्रा के प्रभारी-संयोजक दिलीप पटेल ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ अभियान की यह पदयात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के बीच सच पहुंचाने का संकल्प है। विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जो भ्रम फैला रहा है, उसका जवाब भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर तथ्यों के साथ देंगे।

उन्होंने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 संगठनात्मक जिलों में पदयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सभी स्तरों पर कार्यकर्ताओं में अपार उत्साह है। चार नवंबर को होने वाली यह पदयात्रा जनभागीदारी का नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक का संचालन गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री राहुल श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह और कामेश्वर सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, डॉ. सत्येंद्र सिन्हा और भास्कर निषाद उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770775 Articles

Share this story