पश्चिम बंगाल में मुसलमान भी हमारे साथ, बनेगी भाजपा सरकार : निशंक
मथुरा, 12 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि ममता बनर्जी ने ईडी के साथ गलत व्यवहार किया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी। मुसलमान भी अब भाजपा को वोट देंगे। निशंक ने उप्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ आस्था के केंद्र हैं और वे सही कार्य कर रहे हैं। निशंक एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रज प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट के छावनी क्षेत्र स्थित आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री निशंक ने कहा कि सरकारी जांच एजेंसियां भ्रष्टाचार की जांच के लिए बनी हैं और वह अपना काम कर रहीं हैं। ममता बनर्जी ने ईडी टीम के साथ जो व्यवहार किया है, वह गलत है। उसका संदेश यही है कि ममता भ्रष्टाचार छिपाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि मुसलमानों में सभी गुंडे बदमाश नहीं हैं, अच्छे और राष्ट्रवादी भी हैं। ऐसे लोग भाजपा को वोट देंगे। निशंक ने योगी आदित्यनाथ की तारीफ की और बताया कि मैं और योगी संसद में अगल-बगल बैठते थे। योगी ठीक काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि धर्मस्थलों में अभी और सुव्यवस्थाएं होनी चाहिए। इस दिशा में भी योगी ठीक कार्य करेंगे। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की तारीफ करते कहा कि वहां के युवा मुख्यमंत्री अच्छा काम कर रहे हैं। मोदी के नेतृत्व में होने वाले चुनावों में भाजपा की जीत होगी। निशंक ने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में ममता सरकार नहीं बनेगी।
इस अवसर पर डॉ. कमल कांत उपमन्यु एडवोकेट ने माला पहनाई तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर भाजपा के वरिष्ठ नेता निशंक का स्वागत किया। यहां मौजूद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, सचिव शिवकुमार लवानिया, अधिवक्ता सौरभ गुप्ता, योगेश तिवारी एडवोकेट, चौधरी वीरेंद्र सिंह पूर्व पार्षद, चंद्र पाल सिंह पोनिया पूर्व कमिशनर, डॉ. मुकेश शर्मा, राजवीर सिंह रावत, कैप्टन आरसी शर्मा, बॉबी गौतम, हवलदार हरवीर सिंह चाहर, अमर सिंह चौधरी, सुरेश सैनी, नंद किशोर आदि ने भी निशंक का जोशीला स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

