निर्जला एकादशी पर दूग्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
निर्जला एकादशी पर दूग्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब


देवरिया, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर क्षेत्र के प्राचीन दूग्धेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरुवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतधारी महिलाओं ने भगवान विष्णु एवं भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और मंगलमय जीवन की कामना की।

मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मणों द्वारा श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाया गया। इसके उपरांत भक्तों ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार दान-दक्षिणा अर्पित कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। निर्जला एकादशी के अवसर पर अनेक श्रद्धालुओं ने कठोर व्रत का पालन करते हुए धर्म-कर्म एवं सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

दिनभर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और पूजा-पाठ का क्रम चलता रहा। धार्मिक वातावरण से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं का मानना है कि निर्जला एकादशी का व्रत सभी एकादशियों के बराबर फल प्रदान करता है। इस दिन उपवास, पूजा और दान करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन एवं स्वयंसेवकों द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। दर्शन-पूजन के लिए कतारबद्ध व्यवस्था बनाई गई, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

पूरे दिन मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय श्री हरि के जयघोषों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने निर्जला एकादशी के पर्व को और भी भव्य बना दिया। इस अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और लोगों ने श्रद्धा के साथ व्रत एवं पूजन संपन्न किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story