बांदा सदर में 09 सड़कों के निर्माण को मंजूरी, 20 करोड़ होंगे खर्च

WhatsApp Channel Join Now
बांदा सदर में 09 सड़कों के निर्माण को मंजूरी, 20 करोड़ होंगे खर्च


बांदा, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में सदर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सड़क निधि योजना के अंतर्गत 09 संपर्क मार्गों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही ग्रामीण इलाकों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

स्वीकृत परियोजनाओं में ग्राम पडुई से मनीपुर (4.500 किमी) के लिए 362.10 लाख रुपये, गांधी नगर (छिबांव) से मोदीयुग चौराहा (0.750 किमी) के लिए 66.16 लाख रुपये, मकरी मार्ग से करगेहना तकुली मोदीयुग चौराहा (5.500 किमी) के लिए 400.97 लाख रुपये, मकरी बिगहना से नाई (1.800 किमी) के लिए 151.49 लाख रुपये, बछेही से चटसरा (2.500 किमी) के लिए 172.63 लाख रुपये, पतौरा माइनर पूर्व माध्यमिक विद्यालय से सरस्वाह (1.100 किमी) के लिए 123.86 रुपये लाख, मनीपुर से जरर (3.700 किमी) के लिए 422.59 लाख रुपये, धोबिन डेरा से तिंदवारा (1.200 किमी) के लिए 86.88 लाख रुपये तथा अरबई संपर्क मार्ग के अवशेष भाग (2.400 किमी) के लिए 207.30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सभी सड़कों की चौड़ाई 3.75 मीटर निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य के दौरान आबादी क्षेत्रों में जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण, आवश्यकतानुसार पुल-पुलियों का निर्माण तथा सीसी कार्य भी कराया जाएगा।

सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने शुक्रवार को इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story