लम्बे समय से गैरहाजिर नौ महिला सहायक अध्यापक बर्खास्त

WhatsApp Channel Join Now
लम्बे समय से गैरहाजिर नौ महिला सहायक अध्यापक बर्खास्त


- बर्खास्त शिक्षिकाएं विद्यालयों से बिना कारण बताए थीं गायब

प्रयागराज, 23 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में परिषदीय विद्यालयों से लम्बे समय से गैरहाजिर चल रही नौ महिला सहायक अध्यापकों पर शनिवार को गाज गिरी है। बीएसए अनिल कुमार ने गैरहाजिर चल रही इन शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का मौका देने के बाद सेवाएं समाप्त करने का आदेश जारी किया है।

बीएसए की इस कार्रवाई से शिक्षकों में हड़कम्प मचा हुआ है। सेवा से बर्खास्त होने वाली शिक्षिकाएं विद्यालयों से बिना कारण बताए और छुट्टी स्वीकृत कराए गायब चल रही थीं। शिक्षिकाओं के स्कूल न आने से बच्चों का पठन पाठन प्रभावित हो रहा था। वहीं सेवा नियमावली की भी अवहेलना की जा रही थी।

बीएसए अनिल कुमार ने सहायक अध्यापक वंदना वर्मा, जया भार्गव, किरन त्रिपाठी, हेना परवीन, रीता देवी, ज्योति यादव, आकांक्षा रस्तोगी, अंकिता साहू और असमत जहां की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। यह सभी नौ शिक्षिकाएं बगैर किसी सूचना के लम्बे समय से स्कूल से अनुपस्थित चल रही थीं।

उन्होंने बताया कि बर्खास्त सहायक अध्यापक वंदना वर्मा की तैनाती प्राथमिक विद्यालय बंधवापार करछना में थी, जो कि एक जनवरी 2024 से गैरहाजिर चल रही थी। सहायक अध्यापक जया भार्गव की तैनाती कम्पोजिट विद्यालय जुगनीडीह बहरिया में थी। यह 15 फरवरी 2024 से गैरहाजिर चल रही थी। सहायक अध्यापक किरण त्रिपाठी की नियुक्ति प्राथमिक विद्यालय मिश्री धनूपुर में थी। यह 21 नवम्बर 2022 से गैरहाजिर चल रही थी। सहायक अध्यापक हेना परवीन की तैनाती प्राथमिक विद्यालय पीथीपुर कौडिहार प्रथम में थी। यह 1 अक्टूबर 2021 से गैरहाजिर चल रही थी। सहायक अध्यापक रीता देवी की तैनाती प्राथमिक विद्यालय बरेठी सैदाबाद में थी। यह 1 जुलाई 2020 से गैरहाजिर चल रही थी। सहायक अध्यापक ज्योति यादव की नियुक्ति प्राथमिक विद्यालय सरपतीपुर, बहादुरपुर में थी। यह 20 मई 2025 से गैरहाजिर चल रही थी। सहायक अध्यापक आकांक्षा रस्तोगी की तैनाती कोडापुर प्रथम फूलपुर में थी। यह 22 जुलाई 2025 से गैरहाजिर चल रही थी। सहायक अध्यापक अंकिता साहू की तैनाती प्राथमिक विद्यालय खीरी रामगढ़ कोरांव में थी। यह 31 अगस्त 2025 से लगातार गैरहाजिर चल रही थी। जबकि सहायक अध्यापक असमत जहां की तैनाती प्राथमिक विद्यालय लखनपुर भगवतपुर में थी। यह 07 जनवरी 2020 से गैरहाजिर चल रही थीं।

बीएसए अनिल कुमार ने सभी नौ महिला सहायक अध्यापक को 2 मई 2026 को विज्ञप्ति जारी कर 12 मई 2026 तक जवाब देने का अंतिम अवसर प्रदान किया था। इसके पूर्व में भी इन शिक्षकों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन शिक्षकों द्वारा अंतिम अवसर दिए जाने के बावजूद कोई जवाब नहीं दिया गया था। जिसके चलते भी बीएसए ने कड़ा एक्शन लेते हुए सभी नौ शिक्षिकाओं की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story