पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रही भांजी व मामा की मौत
मुरादाबाद, 08 जून (हि.स.)। मुरादाबाद। जिले के थाना भगतपुर क्षेत्र में दलतपुर-अलीगंज मार्ग पर कांकरखेड़ा लिंक मार्ग के मोड़ पर डंपर ने बाइक सवार मामा-भांजी को टक्कर मार दी। इस हादसे में मामा राम सिंह और भांजी पूजा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर दौड़ाकर भाग गया। हादसे के समय रामसिंह रामपुर में पूजा की सिपाही भर्ती परीक्षा दिलाने के बाद घर लौट रहा था।
पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने साेमवार काे बताया कि डिलारी क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी ज्ञानकी प्रसाद की बेटी पूजा ने उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद के लिए आवेदन किया था। सोमवार को पहली पाली में रामपुर में पूजा की परीक्षा थी। पूजा के मामा राम सिंह का घर भगतपुर के कांकरखेड़ा में हैं। कांकड़खेड़ा से रामपुर की दूरी कम है इसलिए एक दिन पहले ही पूजा अपने मामा के घर आ गई थी। सोमवार की सुबह राम सिंह अपनी भांजी को बाइक से लेकर रामपुर स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। सोमवार दोपहर 12 बजे परीक्षा समाप्त हो गई थी। इसके बाद मामा-भांजी बाइक से कांकरखेड़ा लौट रहे थे।
दोपहर करीब 2.30 बजे इनकी दलपतपुर-अलीगंज मार्ग से कांकरखेडा लिंक मार्ग के मोड़ पर पहुंची। इसी दौरान बजरफुट उतार कर लौट रहे डंपर ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों दूर जा गिरे और मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े लेकिन चालक डंपर लेकर भाग गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से डंपर चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
दुर्घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर राम सिंह का गांव हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण आ गए और उन्होंने बाइकों से काफी दूर तक डंपर का पीछा किया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

