तीन महीने से वेतन न मिलने से नाराज एनएचएम संविदाकर्मी 21 मई से करेंगे हड़ताल
औरैया, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा कर्मचारियों का सब्र अब टूटने लगा है। पिछले तीन महीनों से मानदेय न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जोरदार विरोध दर्ज कराते हुए मिशन निदेशक को संबोधित ज्ञापन प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपा।
संविदा कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 20 मई तक लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो 21 मई से जिले भर में “नो पे-नो वर्क” की नीति लागू करते हुए कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार काम करने के बावजूद वेतन न मिलना उनके साथ अन्याय है।
कर्मचारियों ने बताया कि मानदेय न मिलने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारियों को बच्चों की फीस, किराया और दैनिक खर्चों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
ज्ञापन में कहा गया है कि एनएचएम संविदाकर्मी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं और लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। संगठन ने कहा कि यदि समय रहते भुगतान नहीं हुआ तो जिले की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान जनपदीय कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी नरेश, गुरमुख लाल समेत बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

