लंबित मानदेय को लेकर एनएचएम संविदा कर्मियों ने किया प्रदर्शन, कार्य बहिष्कार की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
लंबित मानदेय को लेकर एनएचएम संविदा कर्मियों ने किया प्रदर्शन, कार्य बहिष्कार की चेतावनी


देवरिया, 19 मई (हि.स.)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने दो माह से लंबित मानदेय के भुगतान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में काली पट्टी बांधकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। हालांकि बाद में प्रदर्शन के बाद कर्मी अपने कार्य पर लौट गए।

कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें मार्च और अप्रैल 2026 का मानदेय अब तक नहीं मिला है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के चलते बच्चों की फीस, किताबें और अन्य जरूरी खर्चों का दबाव बढ़ गया है। इसके अलावा दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संविदा कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 20 मई 2026 तक लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो उत्तर प्रदेश राज्य स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर 21 मई से ‘नो पे-नो वर्क’ नीति अपनाते हुए कार्य बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में डॉ. जगदीश प्रसाद, डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. रजनीश पांडे समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story