तीसरे दिन भी चला NHAI का बुलडोजर, अवैध कब्जों पर कार्रवाई जारी

WhatsApp Channel Join Now
तीसरे दिन भी चला NHAI का बुलडोजर, अवैध कब्जों पर कार्रवाई जारी


उरई, 05 अप्रैल (हि.स.)। कालपी कोतवाली क्षेत्र में रविवार को मुन्नाफुल पावर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा बुलडोजर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। बीते दिन भी प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें हटाया। इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और आसपास के व्यापारियों व स्थानीय लोगों में हलचल देखी गई।

जानकारी के अनुसार, हाईवे की भूमि पर लम्बे समय से कई दुकानदारों और स्थानीय लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो रही थी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कई स्थानों पर वाहन चालकों को जाम और दुर्घटना की आशंका का सामना करना पड़ रहा था। इसको देखते हुए NHAI ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया, जो लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। NHAI की टीम प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचों, टीनशेड, दुकानों और अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते स्थिति नियंत्रण में रही।

एसडीएम मनोज सिंह का कहना है कि कार्रवाई से पहले सम्बंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे और स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय भी दिया गया था। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया, जिसके चलते बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को हटाया गया। हाईवे की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां-जहां अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। कुछ लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि इससे सड़क चौड़ी होगी और यातायात सुगम होगा। वहीं प्रभावित दुकानदारों ने अपनी आजीविका प्रभावित होने की चिंता जताई और प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा

Share this story