औरैया : चार माह से लगातार मरीजों को जलपान करा रही एक विचित्र पहल सेवा समिति

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : चार माह से लगातार मरीजों को जलपान करा रही एक विचित्र पहल सेवा समिति


-जिला अस्पताल में मरीजों को दूध, ब्रेड, बिस्कुट और फलों का किया वितरण, मुख्य संयोजक का किया सम्मान

औरैया, 31 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से शनिवार को 50 शैय्या जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) और कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ. शिवकुमार सोनी के नेतृत्व में मरीजों को दूध, ब्रेड, चाय, बिस्कुट, नमकीन और फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।

समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि मरीजों को प्रतिदिन जलपान वितरित करने की अनोखी पहल का शुभारंभ राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर एक जुलाई 2026 को किया गया था। इसके तहत अस्पताल में भर्ती महिला, पुरुष और बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार दूध, चाय, ब्रेड, बिस्कुट और फल आदि उपलब्ध कराए जाते हैं। इस अभियान के मुख्य संयोजक जिला पुरुष चिकित्सालय उरई से सेवानिवृत्त प्रभारी अधिकारी फार्मेसी डॉ. शिवकुमार सोनी को बनाया गया था। उनके नेतृत्व में पिछले चार माह से प्रतिदिन यह सेवा कार्य निरंतर संचालित किया जा रहा है।

डॉ. शिवकुमार सोनी ने कहा कि मरीजों की सेवा करने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना से अंतर्मन में अपार आनंद की अनुभूति होती है। मानव सेवा ही जीवन का सर्वोत्तम कार्य है। शनिवार को अनोखी पहल के चार माह पूरे होने पर समिति के पदाधिकारियों ने मुख्य संयोजक डॉ. शिवकुमार सोनी का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इसके बाद मरीजों को दूध, बिस्कुट, फल और नमकीन सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। अस्पताल परिसर में प्रतिदिन साफ-सफाई करने वाले सफाई कर्मियों को भी खाद्य सामग्री भेंट की गई।

इस मौके पर शहर की प्रमुख समाजसेविका मंजू गुप्ता, राम आसरे गुप्ता, आलोक कुमार, कुलदीप बाजपेई, संस्था अध्यक्ष राजीव पोरवाल और संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता सहित अन्य सेवादार मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769758 Articles

Share this story