न्यूजीलैंड के शहद उत्पादन से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने केशव प्रसाद मौर्य से की शिष्टाचार भेंट

WhatsApp Channel Join Now
न्यूजीलैंड के शहद उत्पादन से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने केशव प्रसाद मौर्य से की शिष्टाचार भेंट


न्यूजीलैंड की आधुनिक तकनीक से मधुमक्खी पालकों को मिलेगा लाभ

लखनऊ, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से शुक्रवार को न्यूजीलैंड के शहद उत्पादन एवं प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश में गुणवत्तायुक्त शहद उत्पादन, प्रसंस्करण तथा तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमण्डल का नेतृत्व बी.एल. मीणा, अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने किया।

प्रतिनिधिमंडल में न्यूजीलैंड के ईशान जयवर्धने (व्यापार कार्यान्वयन), मेलानी फिलिप्स (कृषि सलाहकार), बायरन टेलर (तकनीकी सलाहकार, मधुमक्खी पालन), प्रियम अरोड़ा (कृषि भागीदारी प्रबंधक, न्यूजीलैंड उच्चायोग), संदीप साहा (एपीडा क्षेत्रीय प्रमुख, उत्तर-पूर्व एवं लद्दाख) तथा श्री निमित सिंह ‘मधुमखीवाला’, बाराबंकी शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा अवगत कराया गया कि न्यूजीलैंड में उच्च गुणवत्ता वाले शहद के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं रोग नियंत्रण की आधुनिक तकनीक विकसित की गई है, जिसे उत्तर प्रदेश के मधुमक्खी पालकों तक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग के माध्यम से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान रायबरेली एवं बाराबंकी जनपदों का भ्रमण कर स्थानीय मधुमक्खी पालकों से संवाद स्थापित किया गया तथा प्रदेश में शहद उत्पादन की व्यापक संभावनाओं का अध्ययन किया गया।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत एवं न्यूजीलैंड के मध्य हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से दोनों देशों के बीच व्यापारिक एवं तकनीकी सहयोग को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की उन्नत तकनीक एवं अनुभव का लाभ प्रदेश के मधुमक्खी पालकों को प्रदान कर गुणवत्तायुक्त एवं निर्यातोन्मुख शहद उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा, इससे प्रदेशवासियों को स्वास्थ्यवर्धक शहद उपलब्ध होने के साथ-साथ मधुमक्खी पालकों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषकों को अतिरिक्त आय के साधन उपलब्ध कराने के लिए मधुमक्खी पालन को एक सशक्त व्यवसाय के रूप में विकसित करने हेतु प्रतिबद्ध है। विभाग द्वारा न्यूजीलैंड की नवीन तकनीकों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों एवं उद्यमियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री को यह जानकारी दी कि न्यूजीलैंड ने शहद आधारित चॉकलेट टॉफी एवं अन्य स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों के आधुनिक उत्पादन में विशेष दक्षता प्राप्त की है, जिसकी तकनीक एवं अनुभव उत्तर प्रदेश सरकार के साथ साझा किए जाएंगे।

बैठक के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में अपर मुख्य सचिव बी एल मीणा व विभागीय अधिकारियों के साथ रणनीतिक चर्चा की तथा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से न्यूजीलैंड में शहद उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, रोग प्रबंधन एवं प्रसंस्करण की आधुनिक प्रणालियों की विस्तृत जानकारी साझा की।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story