नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का सम्मान, लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का दिलाया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का सम्मान, लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का दिलाया संकल्प


नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का सम्मान, लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का दिलाया संकल्प


गोरखपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। महाराणा प्रताप महाविद्यालय, जंगल धूसड़ में छात्रसंघ चुनाव-2026 में निर्वाचित पदाधिकारियों के सम्मान में गुरुवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें विद्यार्थियों के हितों, महाविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनीष कुमार त्रिपाठी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रियांश शर्मा, उपाध्यक्ष सचिन शर्मा, महामंत्री भानु प्रताप सिंह एवं पुस्तकालय मंत्री सुश्री पूजा सिंह का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं, चुनाव अधिकारी डॉ. शिवकुमार बर्नवाल ने सभी विजयी पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर औपचारिक रूप से सम्मानित किया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि छात्रसंघ केवल पद और प्रतिनिधित्व का माध्यम नहीं, बल्कि युवा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, संवाद, अनुशासन और लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे विद्यार्थियों की समस्याओं को रचनात्मक एवं लोकतांत्रिक तरीके से महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखेंगे तथा शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।

उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव-2026 कक्षाओं के नियमित संचालन को बिना बाधित किए पूर्णतः स्वदेशी ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से सम्पन्न कराया गया था। इस चुनाव में विद्यार्थियों ने ऑनलाइन मतदान के माध्यम से अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित की और 82.94 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव के अगले ही दिन नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित कर महाविद्यालय ने चुनावी प्रक्रिया को सम्मान एवं उत्तरदायित्व की भावना से जोड़ने की सार्थक पहल की। नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों ने महाविद्यालय प्रशासन एवं छात्र समुदाय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के हित में सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story