कानपुर मेट्रो : यात्री सुरक्षा के लिहाज से नवनिर्मित सेक्शन की हाेगी गहन जांच : सुशील कुमार

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर मेट्रो : यात्री सुरक्षा के लिहाज से नवनिर्मित सेक्शन की हाेगी गहन जांच : सुशील कुमार


कानपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर मेट्रो ने कॉरिडोर-2 पर पहली बार ट्रेन का टेस्ट रन शुरू कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सीएसए परिसर स्थित डिपो से विजय नगर चौराहा स्टेशन के पास बने रैंप तक डाउनलाइन पर मेट्रो ट्रेन का परीक्षण किया गया। इस दौरान ट्रेन रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया भूमिगत स्टेशनों से होकर गुजरी। परीक्षण के दौरान मेट्रो प्रणाली और नवनिर्मित सेक्शन की यात्री सुरक्षा के लिहाज से गहन जांच की जाएगी। यह बातें मंगलवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कही।

उन्हाेंने कहा कि ट्रैक निर्माण और थर्ड रेल लगाने का काम पूरा होने के बाद बुधवार को कॉरिडोर-2 की डाउनलाइन पर पहली बार ट्रेन चलाई गई। मैनुअल मोड में ट्रेन की गति पांच किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई। परीक्षण के दौरान ट्रैक, विद्युत आपूर्ति और अन्य प्रणालियों के बीच समन्वय व कार्यक्षमता की जांच की गई। इससे मिले आंकड़ों का विश्लेषण परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुसार किया जाएगा। अगले चरण में ट्रेन को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) और ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन (एटीओ) मोड में भी चलाकर परीक्षण किया जाएगा।

कॉरिडोर-2 डिपो से विजय नगर चौराहा स्टेशन के पास स्थित रैंप तक अपलाइन पर ट्रैक निर्माण का काम जारी है। इसके पूरा होने के बाद इस लाइन पर भी ट्रेन का परीक्षण शुरू किया जाएगा। इस मौके पर यूपीएमआरसी के निदेशक सीपी सिंह, निदेशक नवीन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सीएसए से बर्रा-8 तक प्रस्तावित कॉरिडोर-2 की लंबाई करीब 8.60 किलोमीटर है। इसमें 4.50 किलोमीटर एलिवेटेड और 4.10 किलोमीटर भूमिगत सेक्शन शामिल है। एलिवेटेड हिस्से में एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 स्टेशन होंगे। वहीं, भूमिगत सेक्शन में रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया स्टेशन हैं।

फिलहाल कॉरिडोर-1 पर आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 15 किलोमीटर के हिस्से में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक शेष हिस्से में भी जल्द यात्री सेवाएं शुरू होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story