102 एंबुलेंस ईएमटी की सूझबूझ से नवजात शिशु की बची जान

WhatsApp Channel Join Now
102 एंबुलेंस ईएमटी की सूझबूझ से नवजात शिशु की बची जान


देवरिया, 04 अप्रैल (हि . स . ) । सलेमपुर ब्लॉक के ग्राम बहुसरा निवासी कौशल देवी, पत्नी अमित, को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां पर उन्होंने एक नवजात शिशु को जन्म दिया। शुरुआत में शिशु पूरी तरह सामान्य था, लेकिन सुबह होते-होते उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी।

स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने नवजात को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसी दौरान 102 एंबुलेंस सेवा (संख्या UP32EG6641) की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत शिशु को एंबुलेंस में शिफ्ट किया और जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी मधु और पायलट रामभरोस ने पूरे रास्ते शिशु की स्थिति पर नजर बनाए रखी।

रास्ते में नवजात की हालत और बिगड़ने लगी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। ऐसे में ईएमटी मधु ने सूझबूझ और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए 102 कंट्रोल रूम में मौजूद डॉक्टर से तत्काल संपर्क किया और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह प्राप्त की। डॉक्टर के निर्देशानुसार उन्होंने एंबुलेंस में उपलब्ध एम्बुबैग की सहायता से नवजात को ऑक्सीजन सपोर्ट देना शुरू किया।

लगातार एम्बुबैग के माध्यम से सहायता प्रदान करते हुए टीम ने समय रहते नवजात को जिला महिला अस्पताल, देवरिया पहुंचाकर भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार अब शिशु की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। परिजनों ने एंबुलेंस टीम की त्वरित कार्रवाई और समर्पण की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story