नवप्रवेशी एमबीए छात्रों को मिला ‘जॉब रेडी’ बनने का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
नवप्रवेशी एमबीए छात्रों को मिला ‘जॉब रेडी’ बनने का संदेश


नवप्रवेशी एमबीए छात्रों को मिला ‘जॉब रेडी’ बनने का संदेश


जौनपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास विभाग में एमबीए (एचआरडी) प्रथम वर्ष के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए गुरुवार को इंडक्शन प्रोग्राम ‘अभिनंदन-2026’ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एमबीए (एचआरडी) के स्वर्ण पदक विजेता पुरातन छात्र एवं हिंडाल्को ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज में ट्रेनी एग्जीक्यूटिव पीयूष सिंह रहे।कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुई, जिसे अमृता सिंह, अनु पांडेय एवं खुशी सिंह की टीम ने प्रस्तुत किया। इस दौरान नवागंतुक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं विभाग की गतिविधियों, शैक्षणिक सुविधाओं, उपलब्ध संसाधनों और विभाग की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए अपनी रुचियों एवं करियर आकांक्षाओं पर लघु प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में हसरत फातिमा ने प्रथम, शिवानी श्रीवास्तव ने द्वितीय और प्रांजल मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।मुख्य अतिथि पीयूष सिंह ने अपने विश्वविद्यालय जीवन और कॉरपोरेट क्षेत्र के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को पहले दिन से ही ‘जॉब रेडी’ बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अकादमिक ज्ञान के साथ प्रभावी संचार कौशल, अनुशासन, व्यवहारिक समझ और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति कॉरपोरेट क्षेत्र में सफलता के लिए महत्वपूर्ण हैं।विभागाध्यक्ष डॉ. रसिकेश ने कहा कि विद्यार्थियों को ‘हम क्या नहीं कर सकते’ के बजाय ‘हम क्या कर सकते हैं’ पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। डॉ. प्रवीण मिश्र ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान के माध्यम से समाज को नई दिशा देना भी है। शिक्षक अनुपम कुमार ने एचआरडी पाठ्यक्रम की उपयोगिता और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।संचालन अवंतिका यादव एवं रिषभ साहू ने किया। आयोजन में विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story