नाले में मिला नवजात का शव,सीसी टीवी खंगाल रही पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

नाले में मिला नवजात का शव, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

फर्रुखाबाद,18 जून (हि.स.) ।थाना कादरी गेट क्षेत्र के पांचाल घाट रोड स्थित बबलू कोठी के निकट नाले में गुरुवार को एक नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार दोपहर में कुछ बच्चे नाले के पास खेल रहे थे। गेंद लेने के दौरान उनकी नजर नाले में पड़े नवजात के शव पर पड़ी। बच्चों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थाना कादरी गेट पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए।स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते लगभग तीन माह के भीतर क्षेत्र में नवजात शिशुओं के शव मिलने की यह चौथी घटना है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से लोगों में चिंता और आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शव को वहां फेंकने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार देर रात करीब 11:30 बजे एक युवती ई-रिक्शा से मौके पर पहुंची थी और नवजात को नाले में फेंकने के बाद लाल गेट की ओर चली गई। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story