बसुही नदी पर नया पुल तैयार, डीएम ने किया निरीक्षण; ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now
बसुही नदी पर नया पुल तैयार, डीएम ने किया निरीक्षण; ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत


जौनपुर,03 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र में बसुही नदी पर निर्मित नया पुल अब पूरी तरह तैयार हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने इसका आकस्मिक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस पुल के शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।यह पुल नगेसरा और पुरेल्ला गांव के मध्य नगेसरा घाट पर बसुही नदी पर बनाया गया है। परियोजना के अंतर्गत मुख्य सेतु के साथ पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य भी शामिल हैं। पुल की कुल लंबाई 71.480 मीटर है, जबकि इसकी लागत लगभग 1130 लाख रुपये बताई गई है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में चल रही सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा रहा है। इसी क्रम में इस पुल निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाती रही, जिससे इसे समय पर पूर्ण किया जा सका। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बरसात के मौसम में इस क्षेत्र के ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पुल बनने से आवागमन सुगम हो जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंचने में भी आसानी होगी।इस पुल का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा कराया गया है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मड़ियाहूं सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने पुल निर्माण को लेकर खुशी जताई है और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story