पेड़ से टकराई नई बाइक, युवक की दर्दनाक मौत
औरैया, 08 (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना थाना क्षेत्र स्थित मुरादगंज-अयाना मार्ग पर नगला रामपुर दड़वारी गांव के पास रविवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े जामुन के पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अयाना ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान फफूंद थाना क्षेत्र के खानपुर निवासी शिवकांत (26) के रूप में हुई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पिता रघुराज सिंह, मां रेशमा और भाई चंद्रप्रकाश, वेदप्रकाश, शिवम व दीपेंद्र समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
प्रेमनगर निवासी मृतक के मामा योगेंद्र ने बताया कि शिवकांत चंडीगढ़ में नौकरी करता था। दिवाली का त्योहार मनाने के लिए वह चार दिन पहले ही घर आया था। धनतेरस पर उसने नई बाइक खरीदी थी। रविवार दोपहर वह अपने भतीजे श्रीकांत की ससुराल रहटोली निवासी वृंदावन दोहरे के यहां जाने के लिए बाइक से निकला था। इसी दौरान नगला रामपुर दड़वारी गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में उसकी जान चली गई।
थानाध्यक्ष संजय कुमार राय ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

