बांके बिहारी क्षेत्र में दुकान और फ्लैट के लिए नई आवंटन नीति

WhatsApp Channel Join Now
बांके बिहारी क्षेत्र में दुकान और फ्लैट के लिए नई आवंटन नीति


--आवंटन में लागू होगा ’पहले आओ पहले पाओ’ सिद्धांत

मथुरा, 21 अप्रैल(हि.स.)। श्रीबांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया गया है।

मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट एवं हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में गठित कमेटी की 14वीं बैठक में दुकानों और फ्लैटों के आवंटन के लिए ’पहले आओ पहले पाओ’ का सिद्धांत लागू करने पर सहमति बनी है।

कमेटी के अध्यक्ष एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जो भी व्यक्ति अपनी दुकान या भवन का बैनामा ठाकुर बांके बिहारी महाराज के नाम पहले करेगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर दुकान या फ्लैट का आवंटन किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भूमि क्रय की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। इस योजना का उद्देश्य क्षेत्र में आधुनिक जन सुविधाओं का विकास करना है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन मिल सकें तथा भीड़ का दबाव कम हो सके।

योजना के तहत प्रभावित दुकानदारों और निवासियों के पुनर्वास की भी व्यवस्था की गई है। दुकानदारों को बदले में दुकान उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि निवासियों को मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा सुनरख और रुक्मणी विहार क्षेत्र में फ्लैट दिए जा रहे हैं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी प्रभावितों को उचित मुआवजा दिया जा रहा है।

मंदिर क्षेत्र के विकास के अंतर्गत चौड़े प्रवेश और निकास मार्ग, बैठने की बेहतर व्यवस्था, पेयजल सुविधा और भीड़ नियंत्रण के आधुनिक उपाय शामिल किए जा रहे हैं। इससे न केवल श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।

जिला मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में इस सप्ताह बांके बिहारी मंदिर के पक्ष में कई रजिस्ट्रियां पूरी होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story