वेतन बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर नैरोलैक्स कर्मचारियों का प्रदर्शन, बिठूर रोड पर लगा जाम
कानपुर, 21 मई (हि.स.)। चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित नैरोलैक्स पेंट फैक्ट्री के कर्मचारियों ने गुरुवार को वेतन बढ़ोत्तरी और श्रमिक हितों की मांग को लेकर फैक्ट्री के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी बिठूर रोड स्थित फैक्ट्री गेट के बाहर एकत्र हो गए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि कई वर्षों से वेतन वृद्धि नहीं की गई है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि ठेका व्यवस्था में काम कर रहे कर्मचारियों को तय मानकों के अनुसार वेतन और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कर्मचारियों ने ठेका प्रणाली समाप्त कर सीधे भर्ती किए जाने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन में शामिल श्रमिकों ने बताया कि कई मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी तक नहीं मिल रही है और ईपीएफ, बोनस समेत अन्य सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं बिठूर पुलिस भी स्थिति संभालने में जुटी रही। पुलिस ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया और सड़क पर फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाया।
सभी कर्मचारी वर्तमान में फैक्ट्री परिसर के अंदर हैं। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और यातायात सामान्य रूप से संचालित कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

