पंडित नेहरू का बच्चों से था अगाध स्नेह : किशन चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
पंडित नेहरू का बच्चों से था अगाध स्नेह : किशन चौधरी


मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ने बच्चों के स्टॉलों का किया अवलोकन

मथुरा, 14 नवम्बर (हि.स.)। गोवर्धन रोड स्थित ज्ञानदीप शिक्षा भारती में शनिवार को बाल दिवस के अवसर पर बाल उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस शानदार आयोजन में बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और उनके उत्साह ने बाल दिवस की खुशियों को और भी यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय के संस्थापक सचिव पद्मश्री मोहन स्वरूप भाटिया ने मुख्य अतिथि को आशीर्वाद पुस्तक एवं भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से अत्यंत स्नेह करते थे और बच्चे भी उन्हें चाचा नेहरू के रूप में बहुत प्यार करते थे। उन्होंने कहा कि आज पंडित नेहरू की जयंती पर बच्चों के बीच आकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दीं।

इससे पूर्व, संस्थापक सचिव मोहन स्वरूप भाटिया ने विद्यार्थियों को पंडित नेहरू के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान से लेकर देश के प्रथम प्रधानमंत्री बनने तक की प्रेरक यात्रा से अवगत कराया। समारोह के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा लगाए गए खान-पान के विभिन्न स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी आशीष भाटिया, उप-प्रशासनिक अधिकारी अक्ष भाटिया, प्राचार्या रजनी नौटियाल सहित समस्त शिक्षकगण एवं सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777262 Articles

Share this story