लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय सीमा में काम पूरा करें : नगर आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय सीमा में काम पूरा करें : नगर आयुक्त


कानपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों। इसी सख्त संदेश के साथ शहर में चल रहे कार्यों का दौरा कर व्यवस्थाओं की स्थिति परखी गई। बरसात से पहले जल निकासी दुरुस्त करने और परमियॉ नाले की खामियां दूर करने पर जोर दिया गया। सीएम ग्रिड कार्यों की धीमी रफ्तार और सुरक्षा कमी पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गुणवत्ता और समयबद्धता से समझौता नहीं होगा। यह बातें बुधवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहीं।

नगर आयुक्त ने परमियॉ नाले का जायजा लेते हुए पाया कि जल निगम द्वारा बनाए गए गेट का बेस ऊंचा होने के कारण बरसात के दौरान पानी का बहाव प्रभावित होता है, जिससे मकड़ीखेड़ा, ख्योरा, ज्यौरा और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए गेट का बेस नीचे करने तथा जल निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीएसजेएम ग्रिड योजना के अंतर्गत गुरूदेव चौराहे से चिड़ियाघर तक इकतीस करोड़ दो लाख रुपये की लागत से चल रहे कार्यों में लापरवाही सामने आई। कार्यस्थल पर पर्याप्त बैरीकेडिंग नहीं पाई गई और टेस्टिंग लैब भी स्थापित नहीं थी, जिससे कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठे। इस पर संबंधित फर्म मेसर्स एसएस इंफ्राजोन प्राइवेट लिमिटेड पर 11 लाख रुपये का जुर्माना लगाने और जोनल अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, बगिया क्रासिंग कल्याणपुर से केसा ऑफिस तक सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़क का कार्य संतोषजनक पाया गया। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश आधारभूत कार्य पूर्ण हो चुके हैं और शेष कार्यों को तेजी से पूरा कर 15 जून तक सड़क को यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रीनबेल्ट की सुरक्षा और अंतिम चरण के कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story