शहर की सफाई, निर्माण कार्य और जनसुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
शहर की सफाई, निर्माण कार्य और जनसुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त


कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। शहर की सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों और जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, साथ ही जिम्मेदार अधिकारी अपनी जवाबदेही तय करें। यह बातें सोमवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जोन-4 और जोन-6 के निरीक्षण के दौरान कहीं।

नगर आयुक्त ने जोन-4 के वार्ड-61 में सीएम ग्रिड के अंतर्गत चल रहे कार्यों और घर-घर कूड़ा संग्रहण एवं सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस के दौरान माता स्वरूप रानी मार्ग पर सीवर और स्टॉर्म वॉटर लाइन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और केस्को से समन्वय स्थापित कर कार्य को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

सफाई व्यवस्था के निरीक्षण में भारी लापरवाही सामने आई, जहां 63 कर्मचारियों के सापेक्ष मात्र 17 कर्मचारी ही उपस्थित मिले। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए सफाई पर्यवेक्षक का वेतन रोकने, एक दिन का वेतन काटने और जोनल स्वच्छता अधिकारी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए।

जोन-6 में रामनवमी के दृष्टिगत जुलूस मार्ग और रामलला मंदिर परिसर का निरीक्षण कर विशेष सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पानी छिड़काव और पैच मरम्मत समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवारा पशुओं को पकड़ने और नालियों को ढंकने के निर्देश भी दिए गए।

रावतपुर क्रासिंग सब्जी मंडी और गोल चौराहा फल मंडी में जायजा लेने के दौरान यातायात बाधित होने पर नाराजगी जताते हुए मंडियों को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात सुगम हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story