नीट पुनर्परीक्षा : सात केंद्रों पर 3229 अभ्यर्थी रहे उपस्थित

WhatsApp Channel Join Now
नीट पुनर्परीक्षा : सात केंद्रों पर 3229 अभ्यर्थी रहे उपस्थित


सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई परीक्षा में 325 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

झांसी, 21 जून (हि.स.)। पेपर लीक के चलते रद्द की गई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई। जिसमें 3229 अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रशासनिक अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

परीक्षा नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि जिले में कुल 3554 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 3229 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 325 अनुपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्रों पर बने कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों की निगरानी व्यवस्था परखी। साथ ही वॉइस रिकॉर्डर, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और रैंप सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई। वहीं नगर निगम के रैन बसेरों में भी विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे तथा दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 का सख्ती से पालन कराया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर राधा गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story