बागपत में नीरा आर्य की पुण्यतिथि पर खेकड़ा में होगा समारोह, शहीदों को भी दी जाएगी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
बागपत में नीरा आर्य की पुण्यतिथि पर खेकड़ा में होगा समारोह, शहीदों को भी दी जाएगी श्रद्धांजलि


बागपत, 24 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में आजाद हिंद फौज की वीरांगना एवं महान क्रांतिकारी नीरा आर्य की पुण्यतिथि पर 26 जुलाई को उनके पैतृक गांव खेकड़ा में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि इसी दिन कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को भी नमन किया जाएगा।

कार्यक्रम खेकड़ा स्थित नीरा आर्य स्मारक एवं पुस्तकालय में आयोजित होगा। इस स्मारक का निर्माण लेखिका मधू धामा और उनके पति तेजपाल धामा द्वारा कराया गया है, जबकि इसका संचालन हरबीर द्वारा किया जा रहा है। आयोजन स्थानीय नागरिकों के सहयोग से संपन्न होगा। कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे हवन के बाद 11 बजे नीरा आर्य एवं कारगिल के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। समारोह में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ रहे 102 वर्षीय आर. माधवन, उनकी वंशज राजश्री चौधरी, क्रांतिकारी सुखदेव के वंशज अनुज थापर और जिला अध्यक्षा नीलम धामा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के त्याग और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. हरपाल सिंह जटराणा ने क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story