लोकसभा चुनाव के लिए हमें विशेष रणनीति के तहत कार्य करने की जरूरत : नरेन्द्र दत्त त्रिपाठी

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा चुनाव के लिए हमें विशेष रणनीति के तहत कार्य करने की जरूरत : नरेन्द्र दत्त त्रिपाठी


लखनऊ, 18 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला, शहर अध्यक्षों की बैठक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में श्रम प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नरेन्द्र दत्त त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इसमें नरेन्द्र दत्त त्रिपाठी ने कहा कि हमें 2024 के लोकसभा चुनाव को गंभीरता से लेना है। हमें संकल्प लेकर एक विशेष रणनीति के तहत कार्य करना होगा, ताकि चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित हो सके।

श्री त्रिपाठी ने कहा कि यदि हम सभी पूर्व नियोजित रणनीति के अनुसार कार्य करेंगे तो हमें सफलता अवश्य ही प्राप्त होगी। हमारे कार्यों और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने से लोग कांग्रेस पार्टी से जुड़ेंगे और 2024 के चुनाव में पार्टी को सफल अंजाम दिलाने में कामयाबी मिलेगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं प्रभारी प्रशासन दिनेश सिंह ने कहा कि अच्छे दिनों का वादा कर सत्ता में आई भारतीय जनता पार्टी ने देश और प्रदेश की जनता को सिर्फ धोखा दिया है, जिसे अब पूरे प्रदेश की जनता समझ चुकी है।

उन्होंने कहा कि विगत 9 वर्षों में महंगाई एवं बेरोजगारी चरम पर है संसद की गरिमा को धूमिल करने का कार्य किया गया है देश में अमन चैन एवं आपसी सौहार्द को बिगाड़ा गया है, जिससे प्रदेश की जनता का भाजपा से पूरी तरह मोह भंग हो चुका है। इन सभी भाजपा के कारनामों को लेकर जनता के बीच में जाना है और कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाना है।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस सेवादल एवं श्रमिक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने जमीन तौर से कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में हमेशा से ही कार्य करते आ रहे हैं, जिसके लिए आप बधाई के पात्र हैं। आप सभी से उम्मीद है कि आगे भी आप पार्टी की नीतियों के अनुसार कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करेंगे और आने वाले दिनों में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

बैठक में श्रमिक विभाग के पदाधिकारियों में प्रमुख रूप से केशव वर्मा, विजय चंचल, आर0पी0 त्रिपाठी, राम किशोर कमल, मिश्री लाल गंगवार, गंगा सिंह पटेल सहित भारी संख्या में विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/पदुम नारायण

Share this story