एनडीए गठबंधन पूरी तरह से है मजबूत : जयंत चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
एनडीए गठबंधन पूरी तरह से है मजबूत : जयंत चौधरी


राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत ने मथुरा में दी स्व. राजेंद्र सिंह सिकरवार को श्रद्धांजलि

मथुरा, 23 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी रविवार दोपहर करीब 12 बजे मथुरा पहुंचे। यहाँ उन्होंने आरएलडी के पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह सिकरवार के आवास पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान जयंत चौधरी ने स्व. सिकरवार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और पार्टी संगठन तथा समाज के लिए उनके अमूल्य योगदान को याद किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयंत चौधरी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा एनडीए गठबंधन और सहयोगी दलों की सीटों को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि नेताओं को राजनीति में अपनी मर्यादा और गंभीरता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, राजनीति में यह समय मजाक का नहीं है। देश और प्रदेश के सामने कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, इसलिए विपक्षी दलों को जनहित और विकास से जुड़े विषयों पर गंभीरता से अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने नेताओं को अनावश्यक बयानबाजी और अनर्गल टिप्पणियों से बचने की सलाह भी दी।

आरएलडी प्रमुख ने एनडीए गठबंधन को लेकर कहा कि गठबंधन पूरी तरह मजबूत है और सभी सहयोगी दल आपसी समन्वय के साथ पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के घटक दल जनसेवा और प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। जनता सब देख रही है और वह भली-भांति जानती है कि कौन गंभीरता से धरातल पर काम कर रहा है और कौन केवल बयानबाजी तक सीमित है।

इस शोक सभा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में आरएलडी के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वर्गीय राजेंद्र सिंह सिकरवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार को ढांढस बंधाया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story