महाप्रबंधक ने चुनार, झिंगुरा, बिरोही, गैपुरा एवं इरादतगंज स्टेशनों का निरीक्षण कर दिये निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
महाप्रबंधक ने चुनार, झिंगुरा, बिरोही, गैपुरा एवं इरादतगंज स्टेशनों का निरीक्षण कर दिये निर्देश


प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स)। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे चुनार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।

यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं एवं स्टेशन पर बनाए जा रहे फुट ओवरब्रिज के कार्यों की समीक्षा के साथ यात्री सुविधाओं के उन्नयन, स्टेशन भवन के आधुनिकीकरण, प्लेटफॉर्म की संरचना, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा दिव्यांगजन सुविधाओं का विशेष रूप से अवलोकन किया।

उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक ने झिंगुरा स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने झिंगुरा में बन रहे नए गुड्स शेड के कार्य प्रगति का जायजा लिया एवं प्रयागराज- पंडित दीनदयाल उपाध्याय खंड के मध्य चल रहे तीसरी लाइन के कार्य के अंतर्गत झिंगुरा स्टेशन पर बन रही नई स्टेशन बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक ने बिरोही स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बिरोही स्टेशन की नई स्टेशन बिल्डिंग का अवलोकन किया तथा पैनल रूम, रिले रूम आदि का भी गहन निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने गैपुरा एवं इरादतगंज स्टेशन का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन किया जाए। इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) राजकुमार वानखेडे, मुख्य परियोजना प्रबंधक गति शक्ति यूनिट, एस.के. मिश्रा; मण्डल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल; सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ला; वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक समन्वय अकांशु गोविल; वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक समन्वय हरिमोहन सहित मंडल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story