पंचमी पर विंध्यधाम में गूंजे जयकारे, स्कंदमाता के दर्शन से भक्त हुए भाव-विभोर

WhatsApp Channel Join Now
पंचमी पर विंध्यधाम में गूंजे जयकारे, स्कंदमाता के दर्शन से भक्त हुए भाव-विभोर


पंचमी पर विंध्यधाम में गूंजे जयकारे, स्कंदमाता के दर्शन से भक्त हुए भाव-विभोर


मीरजापुर, 23 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र की पंचमी तिथि पर सोमवार को मां विंध्यवासिनी धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ब्रह्म मुहूर्त में मंगला आरती के साथ मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां स्कंदमाता के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो उठे।

मंदिर को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया, जिसकी अलौकिक छटा श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही थी। देश के कोने-कोने से आए भक्तों ने नारियल, चुनरी, धूप-दीप व प्रसाद अर्पित कर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। भोर से ही मंदिर की ओर जाने वाली गलियों में लंबी कतारें लग गईं।

दर्शन से पहले श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर स्नान कर पुण्य अर्जित किया। इसके बाद बड़ी संख्या में भक्तों ने अष्टभुजा पहाड़ पर स्थित महाकाली और मां अष्टभुजी के दरबार में हाजिरी लगाकर त्रिकोण परिक्रमा भी की। मंदिर परिसर और आसपास साधक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अनुष्ठान में लीन रहे। जय मां विंध्यवासिनी के गगनभेदी जयकारों से पूरा धाम गुंजायमान रहा।

नवरात्र मेले के मद्देनजर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। आला अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं श्री विंध्य पंडा समाज के पदाधिकारी भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story