कानपुर: अभाविप राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर 8 से 14 जुलाई तक करेगा विविध सामाजिक कार्यक्रम: दिनेश यादव
कानपुर, 04 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस केवल संगठन का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका को सशक्त बनाने का संकल्प दिवस है। इसको लेकर 08 जुलाई से 14 जुलाई तक कानपुर प्रान्त में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। यह बातें शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कानपुर प्रान्त के प्रान्त मंत्री दिनेश यादव ने कहीं।
चन्द्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शनिवार को अभाविप कानपुर प्रान्त के प्रमुख कार्यकर्ताओं की योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में नौ जुलाई को स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रान्त के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में छात्र संपर्क अभियान, वृक्षारोपण, संगोष्ठियां, सेवा गतिविधियां, शोधार्थी सम्मेलन, रक्तदान शिविर, युवा संवाद, स्वच्छता अभियान, खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रभाव, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य गुंजन कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस युवा शक्ति, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है तथा इसके कार्यक्रम विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।
प्रान्त सहमंत्री प्रियंका माथुर ने कहा कि परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायी बनाना है।
प्रान्त मीडिया संयोजक अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि कानपुर प्रान्त के सभी जिलों में विद्यार्थी केंद्रित कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों से जोड़ा जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के सफल आयोजन के लिए विभिन्न दायित्वों का निर्धारण किया गया तथा सभी कार्यकर्ताओं से व्यापक छात्र सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

