राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 50 फीसदी लाभार्थियों का डीबीटी न होने से भुगतान फंसा

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 50 फीसदी लाभार्थियों का डीबीटी न होने से भुगतान फंसा


फर्रुखाबाद, 25 जुलाई (हि. स.)। जिला समाज कल्याण विभाग के अधिकारी रेनू यादव ने शनिवार को बताया कि राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की तृतीय किस्त के भुगतान के दौरान अनेक लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) सक्रिय न होने के कारण भुगतान का ट्रांजेक्शन असफल हो गया। इसकी वजह से कई पात्र पेंशनधारियों को वर्ष 2025-26 की पेंशन की धनराशि प्राप्त नहीं हो सकी।

उन्होंने जिले के सभी वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों से अपील की है कि, वे अपने बैंक खाते में तत्काल डीबीटी सक्रिय कराएं अथवा आवश्यकता होने पर इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में खाता खुलवाना सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में पेंशन की धनराशि बिना किसी बाधा के सीधे उनके खाते में हस्तांतरित की जा सके।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि अधिक जानकारी अथवा सहायता के लिए संबंधित विकास खंड कार्यालय में सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण), संबंधित उपजिलाधिकारी कार्यालय में समाज कल्याण पर्यवेक्षक अथवा जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, कक्ष संख्या-09 से संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त मोबाइल नंबर 8299504874 पर भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि यदि लाभार्थी समय रहते अपने खाते में डीबीटी सक्रिय करा लेते हैं, तो वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम किस्त का भुगतान भी बिना किसी तकनीकी बाधा के सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया जा सकेगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए उन्हें डीबीटी सक्रिय कराने के लिए प्रेरित करें, जिससे कोई भी पात्र पेंशनधारी पेंशन लाभ से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story