स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा का संकल्प, वंचितों तक पहुंची चिकित्सा सुविधा : डॉ. कमलाकर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा का संकल्प, वंचितों तक पहुंची चिकित्सा सुविधा : डॉ. कमलाकर सिंह


स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा का संकल्प, वंचितों तक पहुंची चिकित्सा सुविधा : डॉ. कमलाकर सिंह


प्रयागराज, 14 अप्रैल (हि.स.)। स्वास्थ्य सेवा से राष्ट्र सेवा के मूल मंत्र को साकार करते हुए हमारा प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचें।” यह बात नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एन एम ओ ) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. कमलाकर सिंह ने कही।

युगद्रष्टा भीमराव अंबेडकर की जयंती (14 अप्रैल) के अवसर पर नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन, प्रयागराज द्वारा सेवा भारती एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जनपद की सेवा बस्तियों में एक साथ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।

इस अभियान के तहत करीब 150 शिविरों में 5000 से अधिक जरूरतमंद लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविरों में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी जांच के साथ मरीजों को निःशुल्क दवाइयां और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया गया। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं जरूरतमंद मरीजों को प्राथमिकता के साथ चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई।

इस अभियान में चिकित्सकीय टीम का नेतृत्व डॉ. राजेश राय, डॉ. कमलाकर सिंह एवं डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने किया। अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने सेवा बस्तियों में पहुंचकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना भी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे, ताकि वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से पहुंच सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story