फर्रुखाबाद की बेटी का नेशनल लेवल के लिए हुआ चयन

WhatsApp Channel Join Now
फर्रुखाबाद की बेटी का नेशनल लेवल के लिए हुआ चयन


फर्रुखाबाद,02 अक्टूबर( हि.स.)। शहर की बेटी सुहानी राठौर ने अपनी मेहनत, लगन और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर फर्रुखाबाद का गौरव बढ़ाया है। सुहानी राठौर ने क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 हजार मीटर दौड़ में विजेता का खिताब हासिल किया है। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर अब उनका चयन अखिल भारतीय विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की टीम में हुआ है।

फर्रुखाबाद के नेकपुर चौरासी की रहने वाली सुहानी राठौर को बचपन से ही दौड़ लगाने का शौक रहा है। इसी जुनून को उन्होंने अपनी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ाया। सुहानी फतेहगढ़ के ब्रह्मदत्त स्टेडियम में नियमित रूप से अभ्यास करती हैं और लंबे समय से एथलेटिक्स के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।

सुहानी ने इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए हैं। अब 10 हजार मीटर दौड़ में विजेता बनने के बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए उनका चयन उनकी खेल यात्रा की एक और बड़ी उपलब्धि है।

सुहानी की इस उपलब्धि से उनके परिवार, कोच, महाविद्यालय और पूरे फर्रुखाबाद शहर में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि यदि प्रतिभा के साथ मेहनत, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो छोटे शहरों से निकलकर भी खिलाड़ी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Share this story