नेशनल आइकोनिक फेम अवॉर्ड्स में देशभर की प्रतिभाएं दिखाएंगी जलवा : हरमायनी सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नेशनल आइकोनिक फेम अवॉर्ड्स में देशभर की प्रतिभाएं दिखाएंगी जलवा : हरमायनी सिंह


नेशनल आइकोनिक फेम अवॉर्ड्स में देशभर की प्रतिभाएं दिखाएंगी जलवा : हरमायनी सिंह


कानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। इस मंच का उद्देश्य देशभर की प्रतिभाओं को एक पहचान देना और उन्हें ग्लैमर व एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जोड़ना है। छोटे शहरों के टैलेंट को भी बड़ा अवसर मिले, इसी सोच के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिभागियों को यहां से करियर की नई दिशा और एक्सपोज़र मिलेगा। कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों के माध्यम से हर वर्ग को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। यह बातें सोमवार को कार्यक्रम आयोजक हरमायनी सिंह ने कहीं।

पनकी में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि 11 अप्रैल को एसबी कैसल में नेशनल आइकोनिक फेम अवॉर्ड्स के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें असम, कोलकाता, बैंगलोर, शिलांग, दिल्ली, लखनऊ और कानपुर सहित कई शहरों से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम में मिस्टर, मिस, मिसेज और किड्स आइकोनिक इंडिया प्रतियोगिता के साथ नेशनल ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता, मेकअप प्रशिक्षण सत्र और सम्मान समारोह जैसे कई आकर्षण शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रतिभागियों को इंडस्ट्री एक्सपोज़र देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

टीवी कलाकार अमरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि ऐसे प्लेटफॉर्म नए कलाकारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और इंडस्ट्री के लोगों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में बिग बॉस 17 की प्रतिभागी और टीवी अभिनेत्री ऐश्वर्या शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि अनु अवस्थी मुख्य अतिथि रहेंगी। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे और चयनित प्रतिभागियों को फिल्मों व म्यूजिक एल्बम में काम करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story