राष्ट्रीय चैंपियन सक्षम का गृह जनपद बांदा में स्वागत, अब कोरिया में तिरंगा लहराने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय चैंपियन सक्षम का गृह जनपद बांदा में स्वागत, अब कोरिया में तिरंगा लहराने की तैयारी


बांदा, 08 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चार मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक हासिल करने वाले उत्तर प्रदेश में बांदा के होनहार खिलाड़ी मास्टर सक्षम ठाकुर के गुरुवार को बांदा लौटने पर रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। पत्रकारों, समाजसेवियों और खेलप्रेमियों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और एशियन ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।

गुजरात के आनंद में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में सक्षम ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अपने सभी चार मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एशियन ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है। अब सक्षम 20 नवंबर से दक्षिण कोरिया के मोजू में होने वाली एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

सक्षम पिछले चार माह से दिल्ली में रहकर कड़ा प्रशिक्षण ले रहे हैं। इससे पहले उन्होंने उत्तराखंड के रानीखेत में कुमाऊं रेजिमेंट के सेना चयन परीक्षण में भी हिस्सा लिया। लगातार अभ्यास और कठिन प्रशिक्षण के बाद मिली इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और खेल जगत में खुशी का माहौल है।

अपनी सफलता का श्रेय सक्षम ने माता-पिता के साथ सेंट जॉर्ज स्कूल के प्रधानाचार्य अल्फ्रेड रस्किन, शिक्षकों, गुरु पुष्पेंद्र विश्वकर्मा, गुरु चिरंजीवी, सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स स्टेडियम की प्रशिक्षक कल्पना कवल और दिल्ली की फिटिस्तान ताइक्वांडो अकादमी के प्रशिक्षकों को दिया।

रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक राजकुमार पाठक, हरीमोहन धुरिया (रोहित), आत्माराम त्रिपाठी, लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, सुनील सक्सेना और आशीष मिश्रा समेत पत्रकारों व समाजसेवियों ने सक्षम का स्वागत किया। उनकी उपलब्धि पर डीके शर्मा, बृजबिहारी बाजपेई, नीरज बाजपेई और रामरूप सिंह सहित कई शुभचिंतकों ने वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भगत सिंह को बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story