नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम : ब्रजेश पाठक

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम : ब्रजेश पाठक


कानपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे लोकतंत्र और मजबूत होगा और महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। यह अधिनियम उसी संकल्प का परिणाम है। महिलाएं अब नीति निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगी।

यह बातें शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही। कानपुर आगमन पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का सीएसए हेलीपैड पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि इसके बाद उप मुख्यमंत्री टाउन हॉल में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं और जनसमूह को संबोधित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से देश के विकास को नई गति मिलेगी और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेते हुए इस पहल का समर्थन किया और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रघुनंदन सिंह भदोरिया, बॉबी पाठक, गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story