नारी शक्ति वंदन एक्ट महिलाओं की भागीदारी के लिए सरकार का सशक्त कदम : मनोरमा मौर्या
जौनपुर,15 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने एवं महिलाओं के अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के प्रचार-प्रसार के अंतर्गत एक भव्य मेगा हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और महिलाओं के सम्मान, समानता एवं अधिकारों के समर्थन में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जौनपुर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 देश में महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु आगे आएं और सकारात्मक सोच का प्रसार करें।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव केश लाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है।
मिशन शक्ति समन्वयक डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के लागू होने से महिलाओं की राजनीति में 33 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित होगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि जब महिलाएं नेतृत्व करेंगी, तो महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे भारत की संसद में प्रभावी रूप से उठाए जा सकेंगे। कार्यक्रम में एनसीसी प्रभारी डॉ. मनोज पांडे, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी शशिकांत यादव, डॉ. प्रियंका, डॉ. वनिता सिंह एवं सोनम झा सहित अन्य प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे। सभी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए इस अभियान को समय की आवश्यकता बताया और अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्र स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान दिव्यांशु सिंह, सुमित सिंह, पृथ्वी राज सिंह, मोनू कुमार, अंश मौर्य, तनु सिंह, कन्हैया यादव एवं अर्पिता यादव सहित अन्य छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और आयोजन को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में योगदान दिया
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

