नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम : मंत्री नंदी

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम : मंत्री नंदी


कैबिनेट मंत्री नंदी ने हरी झंडी दिखाकर स्कूटी रैली को किया रवाना, नारी शक्ति वंदन सम्मेलन आयोजित

प्रयागराज, 15 अप्रैल (हि.स.)। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी का अधिकार और निर्णय लेने की शक्ति मिलेगी। यह बातें बुधवार को प्रयागराज के शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी ने कही। उन्होंने कहा कि यह 21वीं सदी के महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक है, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि इस अधिनियम से महिलाओं के विधानसभा और लोकसभा तक पहुंचने के सपनों को नई दिशा मिलेगी। वहीं महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि देश में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और उन्होंने हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। कार्यक्रम का संचालन पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने किया।

इससे पूर्व नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने बुधवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में निकाली गई स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केपी ग्राउंड से केएन काटजू मैदान तक निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।

रैली के बाद शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने “सशक्त नारी, सशक्त भारत”, “महिलाओं की भागीदारी राष्ट्र निर्माण में” जैसे नारों के साथ तख्तियां लेकर रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई तथा अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर किया गया।

सम्मेलन में शशि वार्ष्णेय, गीता विश्वकर्मा, कीर्तिका अग्रवाल, अनामिका चौधरी, वंदना शर्मा, शिखा रस्तोगी, अर्चना शुक्ला, पार्षद किरन जायसवाल, दीपिका पटेल, दुर्गेश नंदिनी, चंद्रा अहलूवालिया, कंचनलता कुशवाहा, नीलम चतुर्वेदी, शोभिता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story