नोएडा एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी के नाम पर रखना दुर्भाग्यपूर्ण : अजय राय

WhatsApp Channel Join Now
नोएडा एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी के नाम पर रखना दुर्भाग्यपूर्ण : अजय राय


नोएडा एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी के नाम पर रखना दुर्भाग्यपूर्ण : अजय राय


जौनपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने नोएडा एयरपोर्ट का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखे जाने की चर्चा को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यदि एयरपोर्ट का नाम बदलना ही था तो उसे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी या पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखा जा सकता था।

अजय राय शनिवार को जौनपुर में पूर्व विधायक स्वर्गीय रामकृष्ण उपाध्याय की 11वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नाम पर एयरपोर्ट का नाम रखने का निर्णय उनकी सोच को दर्शाता है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शनों पर अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफा देना पड़ेगा।

चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में यह एक सतत प्रक्रिया है। पार्टी मजबूत हो रही है और कार्यकर्ता लगातार संगठन के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश के गली-मोहल्लों में झंडा लेकर जनता के बीच नजर आएंगे।

समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के सवाल पर अजय राय ने कहा कि गठबंधन के संबंध में फैसला कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। पार्टी का निर्णय सर्वोपरि और सर्वमान्य होगा।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story