सीपरी बाजार में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाया, 45 हजार रुपये का जुर्माना वसूला

WhatsApp Channel Join Now
सीपरी बाजार में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण हटाया, 45 हजार रुपये का जुर्माना वसूला


झांसी, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नगर आयुक्त के निर्देश पर झांसी नगर निगम ने गुरुवार को सीपरी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथों को अवैध कब्जों से मुक्त कराया। अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में गुरुनानक चौक से आर्य कन्या चौराहा और सब्जी मंडी के आसपास के क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना था।

नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे रखे गए सामान, अस्थायी ढांचों और अन्य अवैध अतिक्रमणों को हटवाया। इसके अलावा सार्वजनिक मार्गों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेलों को भी हटाकर सड़क को खाली कराया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने तथा अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने कुल 45 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला।

अधिकारियों ने कहा कि बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद यदि कोई व्यापारी या अन्य व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित रखने और पैदल चलने वालों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना सभी की जिम्मेदारी है।

इस अभियान में अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, सहायक नगर आयुक्त सी.पी. पांडेय, मुख्य अभियंता राजवीर सिंह, प्रभारी प्रवर्तन दल कर्नल सुरेश सिंह, सफाई निरीक्षक प्रदीप अग्निहोत्री सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story