जालौन के इस मन्दिर में होती है नाग देवता की पूजा
जालौन, 21 अगस्त (हि.स.)। कालपी नगर में लंका मीनार पर 180 फीट के नाग देवता और 95 फीट की नागिन का रूप बना हुआ है। यह लंका मीनार नगर के मोहल्ला रामगंज में मौजूद है। इसे बाबू मथुरा प्रसाद ने 1875 में बनवाया था। इस लंका मीनार को बनने में 25 वर्षों का समय लगा था और इसकी लंबाई तकरीबन 30 मीटर है।
लंका मीनार के मालिक विवेक निगम ने बताया कि उनके दादाजी ने नाग पंचमी के दिन लंका मीनार पर मेले और दंगल का आयोजन शुरू किया था। जो पिछले 200 वर्षों से निरंतर चल रहा है। इस साल भी यहां दंगल का आयोजन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि, लंका मीनार के ठीक सामने भगवान शिव शंकर का मंदिर मौजूद है। भक्त यहां पर आकर सबसे पहले शिव शंकर की मूर्ति पर जल अर्पित करते हैं, इसके बाद नाग देवता की पूजा करते हैं। 180 फीट लंबे नाग देवता लोगों की आस्था का केंद्र बने हुए हैं। वहीं, दूरदराज इलाकों से आकर लोग यहां पर अपने अर्जियां लगाते हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो यहां पर मेले और दंगल की परम्परा बेहद पुरानी है और आस-पास के जिलों से भी लोग यहां पर पूजा-अर्चना करने के लिए आते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ विशाल/राजेश

